भज गोविन्दम भाग - ३

अपने कार्यों का विश्लेषण करें - भज गोविन्दम शृंखला - वीडियो [3 की 6]

यह तीसरा व्याख्यान है -

दिनमपि रजनी सायं प्रातः शिशिरवसन्तौ पुनरायातः।
कालः क्रीडति गच्छत्यायुः तदपि न मुञ्चति आशावायुः ॥12॥
 

समय का बीतना और ऋतुओं का बदलना सांसारिक नियम है। कोई भी व्यक्ति अमर नहीं होता। मृत्यु के सामने हर किसी को झुकना पड़ता है। परन्तु हम मोह माया के बन्धनों से स्वयं को मुक्त नहीं कर पाते हैं।  

का ते कान्ता धनगतचिन्ता वातुल किं तव नास्ति नियन्ता।
त्रिजगति सज्जन संगतिरेका भवति भवार्णवतरणे नौका ॥13॥


सांसारिक मोह माया, धन और स्त्री के बन्धनों में फंस कर एवं व्यर्थ की चिंता कर के हमें कुछ भी हासिल नहीं होगा। क्यों हम सदैव अपने आप को इन चिंताओं से घेरे रखते हैं? क्यों हम महात्माओं से प्रेरणा लेकर उनके दिखाए हुए मार्ग पर नहीं चलते? संत महात्माओं से जुड़ कर अथवा उनके दिए गए उपदेशों का पालन कर के ही हम सांसारिक बन्धनों एवं व्यर्थ की चिंताओं से मुक्त हो सकते हैं ।  

जटिलो मुण्डी लुञ्चित केशः काषायाम्बर-बहुकृतवेषः।
पश्यन्नपि च न पश्यति मूढः उदरनिमित्तं बहुकृत शोकः ॥14॥


इस संसार का हर व्यक्ति चाहे वह दिखने में कैसा भी हो, चाहे वह किसी भी रंग का वस्त्र धारण करता हो, निरंतर कर्म करता रहता है। क्यों? केवल रोज़ी रोटी कमाने के लिए। फिर भी पता नहीं क्यों हम सब कुछ जान कर भी अनजान बनें रहते हैं।

अङ्गं गलितं पलितं मुण्डं दशन विहीनं जातं तुण्डम्।
वृद्धो याति गृहीत्वा दण्डं तदपि न मुञ्चति आशापिण्डम् ॥15॥
 

जिस व्यक्ति का शरीर जवाब दे चूका है, जिसके बदन में प्राण सिर्फ नाम मात्र ही बचे हैं, जो व्यक्ति बिना सहारे के एक कदम भी नहीं चल सकता, वह व्यक्ति भी स्वयं को सांसारिक मोह माया से छुड़ाने में असमर्थ रहा है।  

अग्रे वह्निः पृष्ठेभानुः रात्रौ चिबुक-समर्पित-जानुः।
करतलभिक्षा तरुतलवासः तदपि न मुञ्चति आशापाशः ॥16॥
 

समय निरंतर चलता रहता है। इसे न कोई रोक पाया है और न ही कोई रोक पायेगा। सिर्फ अपने शरीर को कष्ट देने से और किसी जंगल में अकेले में कठिन तपस्या करने से हमें मोक्ष की प्राप्ति नहीं होगी।

भज गोविन्दम भाग- ३ का प्रवचन हिन्दी में सुनने के लिए नीचे क्लिक करे।


 


भाग - ४ अगले हप्ते...

शांति।
स्वामी 

 

भज गोविन्दम भाग - २

वास्तविकता को समझें - भज गोविन्दम शृंखला. वीडियो [2 की 6]

 
यह द्वितीय व्याख्यान है -
 
बालस्तावत् क्रीडासक्तः, तरुणस्तावत् तरुणीसक्तः।
वृद्धस्तावत् चिन्तामग्नः पारे ब्रह्मणि कोऽपि न लग्नः ॥7॥
 
सारे बालक क्रीडा में व्यस्त हैं और नौजवान अपनी इन्द्रियों को संतुष्ट करने में समय बिता रहे हैं। बुज़ुर्ग केवल चिंता करने में व्यस्त हैं। किसी के पास भी उस परमात्मा को स्मरण करने का वक्त नहीं।
  
का ते कांता कस्ते पुत्रः, संसारोऽयं अतीव विचित्रः।
कस्य त्वं कः कुत अयातः तत्त्वं चिन्तय यदिदं भ्रातः ॥8॥
 
कौन है हमारा सच्चा साथी? हमारा पुत्र कौन हैं? इस क्षण-भंगुर, नश्वर एवं विचित्र संसार में हमारा अपना अस्तित्व क्या है? यह ध्यान देने वाली बात है।  
 
सत्संगत्वे निःसंगत्वं, निःसंगत्वे निर्मोहत्वं।
निर्मोहत्वे निश्चलतत्त्वं निश्चलतत्त्वे जीवन्मुक्तिः ॥9॥
 
संत परमात्माओ के साथ उठने बैठने से हम सांसारिक वस्तुओं एवं बंधनों से दूर होने लगते हैं।
ऐसे हमें सुख की प्राप्ति होती है। सब बन्धनों से मुक्त होकर ही हम उस परम ज्ञान की प्राप्ति कर सकते हैं। 
 
वयसि गते कः कामविकारः शुष्के नीरे कः कासारः।
क्षीणे वित्ते कः परिवारो ज्ञाते तत्त्वे कः संसारः ॥10॥
 
यदि हमारा शरीर या मस्तिष्क स्वस्थ नहीं तो हमें शारीरिक सुख की प्राप्ति नहीं होगी। वह ताल ताल नहीं रहता यदि उसमें जल न हो। जिस प्रकार धन के बिखर जाने से पूरा परिवार बिखर जाता है, उसी तरह ज्ञान की प्राप्ति होते ही, हम इस विचित्र संसार के बन्धनों से मुक्त हो जाते हैं।  
 
मा कुरु धन-जन-यौवन-गर्वं, हरति निमेषात्कालः सर्वम्।
मायामयमिदमखिलं हित्वा ब्रह्म पदं त्वं प्रविश विदित्वा ॥11॥
 
हमारे मित्र, यह धन दौलत, हमारी सुन्दरता एवं हमारा गुरूर, सब एक दिन मिट्टी में मिल जाएगा। कुछ भी अमर नहीं है। यह संसार झूठ एवं कल्पनाओं का पुलिंदा है। हमें सदैव परम ज्ञान प्राप्त करने की कामना करनी चाहिए।
 
भज गोविन्दम भाग- २ का प्रवचन हिन्दी में सुनने के लिए नीचे क्लिक करे।
 

 
भाग - ३ अगले हप्ते...

शांति।
स्वामी
 
 


भज गोविन्दम भाग - १

अदि गुरू श्री शंकराचार्य

प्रभु का नाम जपिये - भज गोविन्दम शृंखला - वीडियो [1 की 6] 


भज गोविन्दम श्री शंकराचार्य की एक बहुत ही खूबसूरत रचना है। इस स्तोत्र को मोहमुदगर भी कहा गया है जिसका अर्थ है- वह शक्ति जो आपको सांसारिक बंधनों से मुक्त कर दे। छः व्याख्यानों के द्वारा मैंने इन पर रौशनी डालने का प्रयास किया है। सारे व्याख्यान हिंदी में हैं । अपने व्याख्यानों के दौरान मैं स्तोत्र का उल्लेख अवश्य करता हूँ ताकि आप इन्हें पूर्ण रूप से समझ सकें और इनका आनंद उठा सकें।  

भज गोविन्दं भज गोविन्दं, गोविन्दं भज मूढ़मते।
सम्प्राप्ते सन्निहिते मरणे, नहि नहि रक्षति डुकृञ् करणे ॥1॥

हे भटके हुए प्राणी, सदैव परमात्मा का ध्यान कर क्योंकि तेरी अंतिम सांस के वक्त तेरा यह सांसारिक ज्ञान तेरे काम नहीं आएगा। सब नष्ट हो जाएगा।  

मूढ़ जहीहि धनागमतृष्णां, कुरु सद्बुद्धिं मनसि वितृष्णाम्।
यल्लभसे निजकर्मोपात्तं, वित्तं तेन विनोदय चित्तम् ॥2॥ 

हम हमेशा मोह माया के बंधनों में फसें रहते हैं और इसी कारण हमें सुख की प्राप्ति नहीं होती। हम हमेशा ज्यादा से ज्यादा पाने की कोशिश करते रहते हैं। सुखी जीवन बिताने के लिए हमें संतुष्ट रहना सीखना होगा। हमें जो भी मिलता है उसे हमें खुशी खुशी स्वीकार करना चाहिए क्योंकि हम जैसे कर्म करते हैं, हमें वैसे ही फल की प्राप्ति होती है।  

नारीस्तनभरनाभीनिवेशं, दृष्ट्वा-माया-मोहावेशम्।
एतन्मांस-वसादि-विकारं, मनसि विचिन्तय बारम्बाररम् ॥3॥

हम स्त्री की सुन्दरता से मोहित होकर उसे पाने की निरंतर कोशिश करते हैं। परन्तु हमें यह ध्यान रखना चाहिए कि यह सुन्दर शरीर सिर्फ हाड़ मांस का टुकड़ा है।  

नलिनीदलगतसलिलं तरलं, तद्वज्जीवितमतिशय चपलम्।
विद्धि व्याध्यभिमानग्रस्तं, लोकं शोकहतं च समस्तम् ॥4॥ 

हमारा जीवन क्षण-भंगुर है। यह उस पानी की बूँद की तरह है जो कमल की पंखुड़ियों से गिर कर समुद्र के विशाल जल स्त्रोत में अपना अस्तित्व खो देती है। हमारे चारों ओर प्राणी तरह तरह की कुंठाओं एवं कष्ट से पीड़ित हैं। ऐसे जीवन में कैसी सुन्दरता?  

यावद्वित्तोपार्जनसक्त:, तावत् निज परिवारो रक्तः।
पश्चात् धावति जर्जर देहे, वार्तां पृच्छति कोऽपि न गेहे ॥5॥
 
जिस परिवार पर तुम ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, जिसके लिए तुम निरंतर मेहनत करते रहे, वह परिवार तुम्हारे साथ तभी तक है जब तक के तुम उनकी ज़रूरतों को पूरा करते हो।  

यावत्पवनो निवसति देहे तावत् पृच्छति कुशलं गेहे।
गतवति वायौ देहापाये, भार्या बिभ्यति तस्मिन्काये ॥6॥

तुम्हारे मृत्यु के एक क्षण पश्चात ही वह तुम्हारा दाह-संस्कार कर देंगे। यहाँ तक की तुम्हारी पत्नी जिसके साथ तुम ने अपनी पूरी ज़िन्दगी गुज़ारी, वह भी तुम्हारे मृत शरीर को घृणित दृष्टि से देखेगी।

भज गोविन्दम भाग- १ का प्रवचन हिन्दी में सुनने के लिए नीचे क्लिक करे।



भाग - २ अगले हप्ते...

शांति।
स्वामी

ठण्ड मे अधिक दुखता है

जैसे हिम ठंड में सख्त और भंगुर बर्फ बन जाती है, वैसे ही करूणा रहित ह्रदय कठोर हो छोटी सी चोट से ही टूट जाता है।
एक मठ में किताबी ज्ञान से भरा हुआ एक साधक रहता था। शास्त्रार्थ तथा धार्मिक वाद-विवादों में कोई उसे पराजित नहीं कर पाता था। धार्मिक कृत्य के पालन में वह निपुण था। आत्म-बोध और ईश्वर प्राप्ति का उसपर जुनून सवार था। वह अपना पूरा समय विभिन्न धार्मिक ग्रंथों का अध्ययन करने में व्यतीत करता था। उसके लिए ईश्वर, ध्यान और आत्म-बोध ही सब कुछ था। किताबों से सूखा ज्ञान लेकर उसमें कदाचित उच्चता और दम्भ की भावना आ गयी थी। वो केवल अपने मोक्ष के लिये प्रयत्नशील था, आसपास चाहे कोई मर क्यूं ना रहा हो, उसे कोई परवाह ना थी।  मोक्ष की प्राप्ति ही उसका परम लक्ष्य था तथा किसी दूसरे का कष्ट उसे बहुत सामान्य लगता, उसे लगता कि किसी दूसरों की उलझनों को सुलझाना समय व्यर्थ करना था। हालाँकि उसने सब शास्त्रो का अध्यन किया हुआ था परन्तु फिर भी वह जल्दी क्रुध हो छोटी छोटी बातों पर भड़क जाता था।

उसके गुरु एक सिद्ध पुरुष थे। वो अपने शिष्य के गुण-अवगुण से भली भांति परिचित थे। हालाँकि वह अपने शिष्य के ध्यान और संकल्प की सराहना करते थे, उन्हे इस बात का अहसास था कि उनके शिष्य अपने वर्तमान मानसिकता के साथ मुक्ति प्राप्त नहीं कर पायेंगे। कई बार उन्होंने अपने शिष्य में दया और विनम्रता को जाग्रत करने का प्रयास किया लेकिन शिष्य के अभिमान और हठ के कारण गुरु असफल रहे।

एक दिन गुरु ने हिमालय जाकर तीन महीनों की एक साधना करने का निर्णय किया। वह अपने शिष्य को भी अपने साथ ले गये। हिमालय के बर्फीले पहाड़, खूबसूरत झरने, लंबे पेड़ों के घने जंगल और जंगली जानवरों के बीच उन्हे एक गुफा मिली जहां वह दोनों आराम से रह सकते थे। गुफा से कुछ दूर ही एक नदी भी बहती  थी। उन्होंने अपनी गुफा में कुछ मूल वस्तुएँ और खाने-पीने का समान रख लिया। कुछ समय बाद एक दिन भारी बर्फ़ पड़ने लगी।

शिष्य नदी से पानी लाने के लिए गया। बर्फीली ज़मीन पर चलते समय वह फिसल कर नीचे गिर गया। बाल्टी लुढ़कती हुई नदी में गिर गई और दुर्भाग्यवश उसका दहिना हाथ बर्फ में छिपे हुए एक नोकीले पत्थर से टकरा गया। ठंड के कारण सुन्न हाथ पर चोट लगने से अत्याधिक पीड़ा हुई। दर्द से कराहता हुआ वह गुफा की ओर वापिस भागा। उसको कठोर मौसम पर अत्यन्त क्रोध आया और बाल्टी के खो जाने की चिन्ता भी सताने लगी (हालाँकि उनके पास एक अतिरिक्त बाल्टी थी)। दर्द के कारण वह चिढ़ हुआ था। गुफा में पहुँच कर उसने गुरु को दुर्घटना के बारे में बताया।

उन्होने शिष्य के घायल हाथ को जांचा और कहा, "यह घाव तो बहुत गहरा है। मैं इस पर थोड़ा गरम पानी डाल देता हूँ।"
जब पानी गरम हो रहा था, उन्होंने कहा, "ठंड में दर्द और अधिक महसूस होता है ना?"
"जी, गुरुजी।"
गुरु ने रक्त के बहाव और दर्द को कम करने के लिए शिष्य के हाथ पर गरम पानी डाला। "यह आरामदायक है - मुझे राहत मिल रही है", शिष्य ने कहा।
"सौहार्द अर्थात गर्मी तो स्वाभिक रूप से ही सुखदायी है, पुत्र।"

जब शिष्य का दर्द कुछ कम हुआ, तब उनके गुरु नदी के पास पड़ी बाल्टी को लेकर आये और लौट कर आने पर उन्होंने कहा:
"केवल धर्म या अनुष्ठान इत्यादि इस मृत बाल्टी के समान होते हैं। वे कभी एक जीवित प्राणी से अधिक महत्वपूर्ण नहीं हो सकते। यह बाल्टी मात्र एक साधन है जिस का प्रयोग एक उद्देश्य की पूर्ति के लिए किया जाता है, बाल्टी अपने में स्वयं कोई लक्ष्य नहीं है। क्या तुम जानते हो तुम दूसरों से क्यों इतना चिढ़ जाते हो? क्योंकि तुम अंदर से बर्फ के समान ठंडे और सुन्न हो। ठंड में दर्द और अधिक महसूस होता है। अपने चारों ओर इस बर्फ को देखो। जब ठंडी हवा चलती है, यह बर्फ और सख्त हो जाती है। वैसे ही जब तुम कठोर बन जाते हो तब तुम अपने ह्रदय को सुन्न और सख्त बना देते हो। एक झटका लगते ही तुम टूट जाते हो! उपदेश कभी कभी बर्फ के समान सख्त हो सकता है, परंतु करुणा सदैव गुण-गुणे पानी के समान आरामदायक होती है। आज के हमारे विश्व को दयालु मनुष्यों की नितान्त आवश्यकता है। केवल ग्रंथों का अध्ययन करने या स्वयं के निर्वाण में ही अपना सारा समय व्यतीत करने से इस जगत का कल्याण कैसे होगा? जीवित प्राणियों के दर्द को समझना अधिक महत्वपूर्ण है या बेजान संपत्ति की चिंता करना? इसमें कोई संदेह नहीं कि ध्यान और साधना करना महत्वपूर्ण हैं, परंतु वे केवल आपके लक्ष्य को पाने का एक माध्यम है। उनका उद्देश्य आपको एक शांत और संतुलित अवस्था में लेकर आना है। किन्तु मन की शांति का यह अर्थ नहीं कि आप सुन्न और उदासीन हो जायें। वास्तव में इसका यह अर्थ है कि आप सदा दयालु और करुणामय हों। दूसरों के दु:ख और दर्द को महसूस करें और सदैव लोगों की सहायता करने का प्रयास करें। यही आत्म-बोध है।"

शिष्य को यह अहसास हुआ कि आखिरकार उसके गुरु एक सिद्ध महापुरुष क्यों माने जाते थे। वह समझ गया कि दया और करुणा ही साधना का मूल तथा लक्ष्य है। ये गुण किताबी ज्ञान से कई अधिक महत्वपूर्ण हैं, यही सिद्धि है। केवल ग्रंथों का ज्ञान पर्याप्त नहीं है और वह व्यक्ति के मुक्ति का सूचक नहीं है। अपने जीवन के दर्दनाक घटनाओं, लोगों और परिस्थितियों की एक सूची बनाओ, और फिर उस सूची को जला दो या फेंक दो। उन्हें अंदर रखोगे तो रख कर तुम कठोर और सुन्न हो जयोगे, छोटे से प्रहार से ही टूट जायोगे। याद रखें, करुणा आरामदायक होती है और जब ह्रदय सख्त और ठण्डा होता है तभी दर्द और अधिक महसूस होता है।

करुणामय और शांत रहने से आत्म साक्षात्कार का मार्ग अत्यन्त सुलभ हो जाता है।

शांति।
स्वामी

दिखावे का जीवन

ढोंग करने से आप अपने आंतरिक शांती के स्रोत से दूर हो जाते हो। तनाव तथा उलझने स्वतः ही आपको जकड़ लेती हैं।
एक बार एक गांव के निवासी एक शेर से परेशान थे। हर रात वह शेर गांव में चुपचाप घुस कर कुछ असहाय भेड़ और बकरियों का शिकार करता था। कभी कभी वह गाय या भैंस का भी शिकार करता था। शेर को पकड़ने मे या उसको मारने मे ग्रामीणों का हर उपाय असफल रहा।

आखिरकार, एक बहादुर आदमी ने एक सुझाव दिया, "किसी तरह, हमे दिन के समय शेर को आकर्षित करना होगा ताकि जब वह पास आये तब हम उस पर हमला कर सकें। इस जानवर से छुटकारा पाने का यही एक रास्ता है।"

"लेकिन, ये बिल्ली के गले मे घण्टी बांधने जैसा काम करेगा कौन?" एक बुज़ुर्ग ने कहा।

"मेरे पास ये करने के लिए सही योजना है। इतना तो स्पष्ट है कि जब तक दिन ना ढ़ल जाये तब तक शेर गांव के अंदर नही आता। हमे ही जंगल में जाना होगा। मैं एक बेहतरीन निशानेबाज़ हूँ। मैं एक गाय के भेस में जंगल जाऊँगा और अपनी बंदूक लेकर चुपचाप खड़ा हो जाऊँगा। जैसे ही वो मेरी और आयेगा, मैं गोली चलाकर उसे मार दूँगा । उसे बचने का कोई मौका ही नहीं मिलेगा।"

ग्रामीणों ने उस शानदार उपाय के लिए उसकी प्रशंसा की। उन्होने उसे चारों ओर से गाय की खाल से लिपटा दिया और ध्यान से गाय के मुंह में उसकी बंदूक रखी। जंगली घास भर कर उन्होने उसे रूबरू गाय जैसा बना दिया। फिर गाय की रूप में उस आदमी ने जंगल में प्रवेश किया।

मुश्किल से आधा घंटा ही बीता होगा कि सबने उस आदमी दौड़ कर गांव की ओर वापिस आते देखा। उसकी बंदूक हाथ में नहीं थी, उसके कपड़े फटे हुए थे और उसके भेस से घास बाहर निकल कर गिर रही थी। गाय का सिर तो अभी भी उसके सिर पे था लेकिन अब वह असली गाय जैसा नहीं लग रहा था।

उसकी यह हालत देख कर गांववाले जल्द ही इकट्ठे हुए और उन्होने उसकी मदद की। उन्होने उसे बिठाकर पानी पिलाया और उसे शांत किया।

एक व्यक्ति ने उसकी यह हालत देख कर कहा, "तुम तो बड़े डरे हुए और परेशान लग रहे हो। क्या उल्टा शेर ने तुम पर हमला कर दिया?"

"शेर? अरे भई, शेर तक तो मै पहुंच ही नही पाया। जंगल की ओर जाने की देर थी कि बैलों ने मेरा पीछा करना शुरू कर दिया। मुझे असली गाय समझ कर वे कामातुर बैल बेताहाशा मेरे पीछे भागे। बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचा कर आया हूं"।

यह सुनकर सबकी हंसी छूट गयी।

मज़ाक को एक तरफ रखा जाये तो इस कहानी मे एक बहूमूल्य उपदेश भी है। वह आदमी एक असली गाय को पेड़ से बाँध कर पेड़ पर चढ़कर शेर का इंतज़ार कर सकता था लेकिन उसकी बजाय वह एक बहरूपिये की भांति आडंबर मे पड़ गया। वो बन बैठा जो वो दूर दूर तक नही था। ना केवल कि वह अपने लक्ष्य को पूरा करने में विफ़ल रहा बल्कि एक अप्रत्याशित स्थिति का सामना कर उसने खुद को खतरे में ड़ाला।

जब आप वो बनने का प्रयास करते हैं जो आप हैं नहीं या जब आप किसी और जैसा बनने का दिखावा करते हैं, तब यह आप पर बहुत बड़ा बोझ बन जाता है। इससे आप जीवन मे बेचैन रहते हुए आप स्वयं के अस्तित्व को भूलने लगते हैं। एक नई भूमिका निभाने का बेवजह वजन कन्धो पर आ पड़ता है। अगर नकाब पहन कर जियोगे तो आपकी आंतरिक और बाहरी दुनिया तनाव और उलझनें से भर जायेगी।

माना के संसार मे जीने के लिये शायद यह संभव नहीं कि आप सदैव एक ही तरह के बने रहो, कई बार अलग-अलग भूमीकायें निभानी पड़ती है, लेकिन एक ज्ञानी महापुरुष और एक साधारण व्यक्ति में यही अंतर है कि प्रबुद्ध केवल वर्तमान क्षण मे जीते हुए अपनी भूमिका निभाते हैं, जबकि आम इंसान उस भूमिका को अपनी पहचान समझ कर उसमे जीना शुरु कर देता है। इससे वह स्वयं के अस्थित्व और अपने भीतर बसे हुए ईश्वर से दूर चला जाता है । उदाहरणार्थ, एक सैन्य अधिकारी घर आने पर भी अपनी पत्नी, बच्चों और अन्य लोगों को अपने सैनिकों की भांती सख्ती से पेश आता है। हालांकि वह ना तो वह अपनी वर्दी में है और ना वह अपने कार्यालय में, फिर भी वह अभी भी एक अधिकारी की तरह बर्ताव करता रहता है। उसने अपनी भूमिका को अपनी पहचान बना लिया है। तो क्या यह संभव है कि कोई आसानी से क्षणभर में ही अपनी भूमिका बदल सके। जी हाँ। इसे ही वर्तमान पल में जीना कहते हैं।

अपनी भूमिका को निभाइये लेकिन ध्यान रहे कहीं वो आपकी पहचान ना बदल दे। बेशक भविष्य के बारे मे सोचो परन्तु जियो वर्तमान मे। फिलहाल इस क्षण आप यहाँ रहिये और इस क्षण में जीने का प्रयास कीजिये। भेस कितना ही उत्तम क्यों ना हो आखिरकार वो केवल एक भेस ही रहता है।
(Image credit: Michael Heald)
शांति।
स्वामी

आदान या प्रदान


यदि आपको कोई मिल जाये जो बोले कि वो आपको कुछ भी दे सकता है तो आप उस से क्या क्या लेना चाहेंगे? अवश्य ही आपका मन कल्पनाओ से भर जायेगा और आप इस अवसर का मुल्यांकन करना शुरु कर देगे। वो मुझे कितना दे सकता है? क्या वो सारा दे सकता है? वो मुझे ही क्यूँ दे रहा है? मुझे इसे प्राप्त करने के लिये क्या करना होगा? मुझे इसे किस के साथ बांटना होगा? इस प्रकार एक से एक बढ कर एक प्रशन पैदा होते जायेंगे। मन बहुत ही जोड–तोड करता है। हर चीज की गणना के लिये आपको बाध्य करता है। जब कि भावनायें कभी भी गणना के ऊपर निर्भर नही करती। यह सहज ही प्रतिक्रिया करती है। जैसे एक बच्चे को गुदगुदाने से वह सहज ही मुस्कुरता है,ऐसा ही कुछ हमारी भावनायों के साथ भी है।

अगर आपको कोई कुछ देने के लिये मिलता है, तो आप उससे क्या लेना चाहोगे? अगर वो व्यक्ति सिर्फ संसारिक वस्तुये देने में ही सक्षम है, तो क्या आप सिर्फ यह कहेगे, ”मुझे ढेर सारा धन दो।” परन्तु इससे आगे और क्या मांग सकते हो?

आपको क्या चाहिये, इसकी सूची बनानी तो बहुत आसान है क्योंकि मन यही तक सोचने के लिये सीमित है। लेकिन एक क्षण के लिये इस को उल्ट दिया जाये और कोई आपसे पूछे कि आप क्या दे सकते हो? तो आपका क्या उत्तर होगा? अब ऐसी दो तुलनात्मक सूचियां बनाओ, एक लेने वाली तथा दूसरी देने वाली। एक मे लिखो एक आप क्या लेना चाहते हो तथा दूसरी मे लिखो के क्या-क्या दे सकते हो? जिसकी लेने वाली सूची देने वाली से ज्यादा लम्बी है उसको अपने जीवन मे हमेशा एक कमी महसूस होगी।

अगर आप की दोनो सूचियां एक बराबर है तो आप बधाई के पात्र है। इसका अर्थ यह है कि आपको पता है कि एक संतुलित जीवन कैसे जीया जाता है। अगर आपकी देने वाली सूची, लेने वाली सूची से ज्यादा लम्बी है, तो आप सम्मान के पात्र है। जरुर आप में कुछ विशेष है, क्योंकि अधिकतर मनुष्य तो केवल लेना जानते है, देना नहीं।

जिसकी लेने की सूची में कुछ ना हो और देने कि सूची में सब कुछ हो वह तो दण्डवत् प्रणाम का अधिकारी है। ऐसा मानो एक मानव के शरीर मे साक्षात भगवान चल रहे हैं। संसार के सारे धर्मो में केवल उसी व्यक्ति को श्रेष्ठ माना गया है, जिसने इस संसार को कुछ दिया है। मनुष्य दूसरे के त्याग तथा सेवा को याद रखते हैं। दान देने से एक अन्तरिक संतुष्टि मिलती है। अगर आपकी दोनो सूचियां खाली है तो आप दया के पात्र है, यदि आपने ना लेना सीखा और ना ही देना, तो अभी आपके सिखने के लिये बहुत कुछ शेष है।

ज़ेन गुरु सयस्तू का बहुत बडा शिष्य मण्डल था। उनके भक्तों की भीड़ दिन प्रतिदिन बढ रही थी। इसी कारण उन्हे अपने मठ के लिये एक बडे परिसर की आवश्यकता थी क्योंकि वर्तमान परिसर छोटा पड रहा था। उनके अनुयायियो के बीच में एक अमीर व्यापारी ऊमेज़ू भी था। उसने इस कार्य में सहयोग देने का निर्णय लिया। यह उन दिनों की बात है जब एक साधारण परिवार का वार्षिक खर्चा तीन सोने के सिक्को से ज्यादा नही था।

ऊमेज़ू ने आपने गुरु को भेंट देते हुए कहा, “ये मेंरी तरफ से पांच सौ सोने के सिक्को की थैली है और इससे आश्रम के निर्माण की सारी आवश्यकतायें पूरी हो जायेगी।”

सयस्तू ने एक सामान्य स्वर में, जैसे कि दान नहीं अपितु कोई पाप का भार ले रहे हो, उत्तर दिया, “ठीक है, मैं इसे रख लेता हूं।”

ऊमेज़ू के सम्मान को ठेस लगी। उसे लगा कि उसके गुरु ने अशिष्ट तथा कृत्ध्न तरीके से उसकी सेवा स्वीकार की है। डर और अज्ञानता, अहंकार और पैसे के बीच में अजीब रिश्ता है। दोनो एक दूसरे के लिये आग में घी जैसा काम करते है।

उसने फिर से गुरु का ध्यान अपनी ओर केन्द्रित करते हुए बुदबुदाया, “इस थैली में सोने के पांच सौ सिक्के है।”

सयस्तू ने शान्ति पूर्वक उत्तर दिया, “यह तुम पहले भी बता चुके हो।”

ऊमेज़ू क्रोध् मे बोलता है, “एक अमीर आदमी के लिये भी पांच सौ सोने के सिक्के बहुत बडी राशि होते है।”

सयस्तू धीरे से बोले, “तो क्या इसके लिये तुमको ध्नयावाद करूं?”

“हां, लेने वाले को थोडा सा आभारी तो होना ही चाहिये।” ऊमेज़ू ने तुरन्त उतेजित हो कर उत्तर दिया।

“मैं क्यों अभार प्रकट करूं,” सयस्तू ने हंसते हुए कहा, “देने वाले को आभारी होना चाहिये।”

वास्तव मे ही दाता को आभारी होने चाहिये और यह सच भी है। क्योंकि अगर प्रकृति ने आपको किसी को कुछ देने का माध्यम बनाया है तो आपको इसकी प्रसन्नता होनी चाहिये। यदि ले रहे हो तो भी आभारी रहो तथा यदि दे रहे हो तो भी आभारी रहो।

अन्त में, मैं यही कहूंगा कोई भी लेने या देने वाला नही होता। प्रत्येक व्यक्ति एक माध्यम मात्र है ।

शान्ति!
स्वामी

इस लेख का हिन्दी अनुवाद अज्ञात रूप मे एक भक्त ने किया है  अंग्रेजी में पढ़ने के लिये यहां जायें 

प्रसन्नचित्त रहना

बहुत से लोग अपने जीवन को गम्भीरता से जीते है। उन्हे हर चीज को गम्भीरता से लेने की आदत होती है। जैसे कि उनके उदेश्य, उनकी चीजे, उनका धर्म, उनकी धारणाये, उनकी पसन्द और नापसन्द, दूसरे लोग, वो स्वयं और उनसे जुडी हर चीज।  जीवन उनके लिये एक गम्भीर मामला होता है। यहां तक कि वो हंसते भी गम्भीरता पूर्वक है। ऐसा करना शायद कोई समस्या नहीं परन्तु यहां पर मैं एक गहरे मुद्दे की ओर ईशारा कर रहा हूं - गम्भीर ईश्वर।

अगली बार जब आप मन्दिर या किसी और पूजनीय स्थान पर जाये तो सिर्फ एक या दो मिनट के लिये देखे कि वहां पर लोग कितने गम्भीर तथा बुझे हुए से हैं। अरे भगवान के बच्चे हो या उसके बन्दी? क्या वो लोग मन्दिर मे कोई सजा सुनने आये हैं? प्रसन्न रहना अपने आप मे दिव्यता का ही एक लक्षण है।  एक थोडी सी हसी भी जीवन की प्रतिकूल परिस्थितियो को खत्म करने की क्षमता रखती है।

हास्य एक व्यक्ति को जीवन की दौड मे होते हुए भी अलग कर देता है। हास्य की भावना होने से आप चिन्तायो के भार से मुक्त हो जाते हो तथा आपके मुख पर एक कान्ति रहती है। अनुकूल-प्रतिकूल परिस्थितियो मे हंसना सीखे। कोशिश करे! यह जरा भी मुश्किल नही है। यहां मुझे मुझे भगवद गीता का एक श्लोक याद आ रहा है-
प्रसादे सर्वदुखानां हानिरस्योपजायते ।
प्रसन्नचेतसो ह्याशु बुद्धिः पर्यव्तिष्ट्ते ।।
अर्थात एक आन्तरिक प्रसन्नता दुखों को कम करती है और ऐसे संतुष्ट तथा आनन्दित योगी अपने मन को नियन्त्रित करके भगवान मे एकाग्रचित होते है।

श्री कृष्ण प्रसन्नता के ऊपर और भी ज्ञान देते हुए कहते हैं:
ब्रह्मभूतः प्रसन्नात्मा न शोचति न काङ्क्षति ।
अर्थात जो चिन्ता ना करते हुए अपने आप को सारी दुविधाओं से मुक्त कर लेते है,  वो ही भक्ति की असीम चरम सीमा को प्राप्त करते है।

तथा इसमे भी यही कहा गया है-
मनः प्रसाद सौम्यत्वं...
अर्थात्- मन की आनन्दमयी स्थिति ही तपस्या है।

अगर आपके अभ्यास मे, भगवान की प्राप्ति मे, लक्ष्य प्राप्ति मे कोई आनन्द नही है तो आपको गम्भीरता से सोचना चाहिये कि आप क्या कर रहे है।

अब आप एक बच्चे के चमतके हुए चेहरे को गौर से देखे। अदभुत! वो चेहरा इतना क्यों चमक रहा है? क्योंकि बच्चे दिल से हंसते है, वो अपने आप को स्वतन्त्रता से व्यक्त करते है। वे अपनी ही गलती पर अपने ही मूर्खता पर हंसने की क्षमता रखते है।

अब एक छोटी कथा के साथ इसका अन्त करते है-

जापान मे पहाडों मे स्थित एक ज़ेन मठ था। एक बार जब भिक्षुक ध्यान मे थे तो वहां पर भूकंप के झटके महसुस किये गये। गुरु अपने शिष्यो के साथ भाग कर रसोई मे चले गये।

जब यह झटके समाप्त हो गये तो उसने अपने शिष्यो को संबोधित किया, ”यही अन्तर है एक ज़ेन गुरु तथा एक आम आदमी मे। जैसा कि अपने देखा कि कठिन परिस्थितियों मे भी मैं कितना शान्त रहा और जरा भी नही घबराया। मै तुम सबको मठ के सबसे मजबूत हिस्से मे ले आया।  यह समझदारी का परिणाम है कि आज हम सब ठीक है  जब कि बाहर बहुत कुछ बर्बाद हो गया है। किन्तु मै भी थोडा सा डगमगा अवश्य गया था। शायद तुम लोगो ने ध्यान ना दिया हो परन्तु उसी कारण मैने तीव्रता से पानी का एक बडा गिलास पी डाला जो कि शायद मैं साधारण परिस्थिति मे ना करता।

यह सुन कर एक छोटा भिक्षुक हंस पडा।

”और तुम किस बात पर हंस रहे हो।” गुरु ने झुंझलाते हुए पूछा।

“गुरु जी, जो आपने पिया वो पानी नही था।” छोटे भिक्षुक ने सिर झुका कर कहा, ”अपितु खांसी की औषधी थी।”

आत्म-अनुभूति का यह अर्थ नही कि आप अपना आनन्द खो दे।  वास्तव मे इसका अर्थ यह कि आप प्रत्येक क्षण आत्म-आनन्द की अनुभूति करें।



शान्ति
स्वामी

इस लेख का हिन्दी अनुवाद अज्ञात रूप मे एक भक्त ने किया है  अंग्रेजी में पढ़ने के लिये यहां जायें

बिना जाने समझना


एक बार एक शिष्य था। उसे अपने गुरु से बहुत प्यार था और पूर्ण रूप से अपने गुरु के लिये समर्पित भी था।शिष्य अपने सांसरिक कर्तव्यो का भी पालन करता था, परन्तु उसका एक लक्ष्य जरुर रहता था कि वह हर संभव अवसर पर अपने गुरु के पास उनकी सेवा के लिये जाये तथा उनके उपदेश सुने। एक गृहस्थी का जीवन व्यतीत करते हुए तथा अपने सांसरिक कर्तव्यो का पालन करते हुए,उसे अपने गुरु के बताये हुए निर्देशों का पालन करने के लिये बहुत ही कम समय प्राप्त होता था।  नैतिकता, अखंण्डता तथा उत्तम आचरण जैसे गुणो से वह परिपूर्ण था।

एक दिन वह अपने गुरु के पास जाता है। उसके गुरु उस समय धर्मोपदेश दे रहे थे। वे बता रहे थे कि कैसे भक्त के विश्वास के आधार पर ही भगवान को अलग-अलग रूप धारण करने पडते है और ये उपदेश शिष्य ने भी सुना।

इसके बाद शिष्य अपने गुरु के पास गया और बोला, "क्या ये कहना सही होगा कि भगवान एक है और वही भगवान सबमे विराजमान है? ”

“यदि मैं हां कहता हूं तो बिना जाने ही सोचोगे कि तुमने समझ लिया है," गुरु बोले, "और अगर नही कहता हूं तो तुम गलत समझ लोगे।”

“अगर तुम वास्तव मे इसका उत्तर जानने के इच्छुक हो तो, जीवन मे अनुशासन का पालन करो तथा ध्यान की तरफ जायो। तुम्हे स्वयं ही पता चल जायेगा,” गुरु बोले।

गुरु आगे बोले, "मेरी ही परिभाषा या मेरी विचारधारा का गुलाम क्यों बनना? जाओ भगवान को स्वयं देखो और उसके बाद गिनती कर लेना कि वो एक है, अनेक है या है ही नहीं। ”

अगर केवल पढकर या सुनकर ही ईश्वर को समझा जा सकता तो अब तक सारे शिक्षित लोग दिव्य बन चुके होते। केवल पढना, सुनना या कुछ विक्षिप्त ज्ञान – ये सब आपको विचारो से मुक्त करने कि बजाय किसी दूसरे कि सोच के साथ, उसकी विचारधार के साथ बांध देते है।

कम से कम शुरुआत में, एकाग्र ध्यान के अनुशासन को अपनाये, भक्ति तथा सेवा को अपनाये। एक बार आपका मन आपके नियन्त्रण मे आ जायेगा तो आपको अन्तरदर्शन का अनुभव प्राप्त होगा।

अपना सत्य स्वयं खोजो।

शान्ति!
स्वामी

इस लेख का हिन्दी अनुवाद अज्ञात रूप मे एक भक्त ने किया है  अंग्रेजी में पढ़ने के लिये यहां जायें

देवी माँ का प्रत्यक्ष दर्शन

देवी माँ का प्रत्यक्ष दर्शन
आज, मैं आपको हिन्दी भाषा मे एक अत्यन्त महत्वपूर्ण फिल्मांकन  प्रस्तुत कर रहा हूं। यह मात्र एक फिल्मांकन ही नहीं है, केवल कोई प्रवचन ही नहीं है अपितु मेरे जीवन का अनुभव है, एक प्रत्यक्ष अनुभूति है, एक ऐसी अनुभूति जिसे मैं प्रत्येक श्वास-प्रशवास के साथ जीता हूं।

इस फिल्मांकन मे मुखरित प्रत्येक शब्द पूर्ण सत्य है, वो सत्य जिसको मैने साक्षात देखा, साकार देखा, वो सत्य जिसको मैने अनुभव किया। इसमे मैने लगभग अपने पूरे अनुभव का वर्णन किया है, वो अनुभव जो मुझे जगन्माता के दर्शन के समय हुआ था। इस फिल्मांकन मे देवी माँ के दर्शन का व्याखान है। वो दर्शन जब माँ मेरे सामने प्रत्यक्ष प्रकट हो गयी।

कई बार लोग मुझे पूछते हैं कि क्या मैने देवी माँ को देखा है और अगर देखा है तो वो कैसी हैं! मेरे लिये इस दर्शन को ब्यान करना कठिन हो जाता है। आन्तरिक भाव बाहरी शब्दों को रोक देता है। फिर भी मैने बहुतों को अपना वचन दिया के एक दिन मैं भाव मे आकर अपने दर्शन के पलों को रिकार्ड कर दूंगा। उनको किसी फिल्मांकन मे कैद कर दूंगा।

इस वीडियो में आपके लिये एक सूक्ष्म संदेश है, यदि आप उस संदेश को समझ पाते हैं तथा उसे अपने जीवन मे धारण करने मे सक्षम होते है तो आपको इस फिल्मांकन को देखने के बाद जीवन पर्यन्त कोई और प्रवचन सुनने की या कुछ और पढ़ने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

एकांत मे बैठ, जब तसल्ली से तीस मिनट निकाल सकें, तो एकाग्रता के साथ इसको देखो। यदि आस्तिक हो, तो इसको देखने से ईश्वर मे आपका विश्वास दृढ हो जायेगा।

शांति।
स्वामी

अगला कदम


एक समय की बात है, एक गांव मे एक धार्मिक व्यक्ति रहता था। कई लोग उसे सिद्ध संत मानते थे और कई उसको असामान्य तथा पागल समझते थे। बच्चे उसे “खिलौना बाबा” कहते थे क्योंकि वह उनको खिलौने और मिठाईयां देता था। एक उत्तम भिक्षुक की भान्ति वह उतना ही दान लेता था, जितना उसे एक दिन के लिये चाहिये होता था।  वह कर्तज्ञता से सब स्वीकार कर लेता था - चाहे वह वस्तु चावल हो, रोटी या सब्जी। उसने ना तो कभी धन मांगा तथा ना ही कभी स्वीकार किया। वह संतुष्ट लगता था। किन्तु वह भोजन के साथ खिलौने और मिठाईयां देने की मांग करता था। जो उसका आदर करते थे, वे कभी कभी भोजन के साथ खिलौने और मिठाईयां भी दे देते थे। वह भिक्षुक उन सारी चीजों को एक बड़े थैले मे डाल देता और गांव के बच्चों मे बांट देता था।

वह सब के साथ उदारता का व्यवहार करता था और उसकी उपस्तिथि मे एक दिव्यता झलकती थी। परन्तु अब तक यह कोई नही समझ पाया था कि अगर वो इतना ज्ञानी है तो इतना बड़ा झोला लेकर क्यों घुमता है। कुछ लोग हैरान थे कि अगर वो इतना ही आत्म ज्ञानी है तो वो गन्दे कपडो मे, भारी थैला उठाये, एक परिश्रमी जैसे, खिलौनौ को बच्चों मे बांटने के लिये क्यों मारा मारा फिरता है बजाये इसके कि वो कुछ उपदेश दे, अच्छाई को बढ़ावा दे, पवित्र श्लोको को बोले।

एक दिन चालीस की आयु वाले कुछ व्यक्तियो के समूह ने, जो कि बरगद के पेड के नीचे बैठ कर ताश खेल रहे थे, जा रहे साधु को रोक लिया और व्यंग करते हुए उससे कहा, "कृपया हमे भी कुछ ज्ञान प्रदान करे ताकि हमे भी आत्मा का कुछ बोध हो। हमे यकिन है कि आपके इस बड़े से झोले मे अवश्य ही वेद है।"

साधु ने अपना थैला जमीन पर गिरा दिया। "यही है," उसने कहा, "यही आत्मा का बोध है। अब मैंने आपको समस्त वेदो का सार बतला दिया है।"

उन युवको ने सोचा कि उनका उस साधु को पागल समझने का शक बिल्कुल सही निकला। परन्तु उनमे से एक आदमी कुछ बुद्धिमान था। उसने कहा,  "इसका क्या मतलब है? एक थैले के गिरने से वेदो के सार का क्या अभिप्राय है?"

साधु बोला, "यह थैला जिसे मैं उठाये जा रहा हूं, एक बहुत बड़ा भार है।  अब मैंने इसे गिरा दिया, अब मैं स्वतन्त्र हूं। सब कुछ यही है, आप भी अपना थैला गिरा दो। व्यर्थ के भार को उठाकर मत जियो।"

समूह उसके लिये श्रद्धा से पूर्ण हो गया और उनमे से एक बोला, "अगर सब कुछ यही है तो फिर अगला चरण क्या है।"

साधु ने अपना झोला फिर से उठाया और उसे कन्धे पर संभालते बोला, "मैं कोई भार नही ले जा रहा।  मैं तो केवल बच्चों के लिये खिलोनौ से भरा थैला ले जा रहा हूं। मेरे पास उनकी खुशी तथा आनन्द का समान है।"

"यह आपकी जागरुकता और दृष्टिकोण पर निर्भर करता है कि आप इसको भार मानते है अथवा अपना धर्म।" यह कह कर वह अपने रास्ते चला गया।

भावनाओं की कोई व्याख्या नही होती और उन को प्रत्यक्ष रूप देना तो और भी कठिन है। अपनी नकारात्मक भावनाओं को खत्म कर दो। अपनी चिन्तायों से भरे थैले (मन) को खाली कर दो।  अपने आप को पहचाने और स्वतन्त्र स्वरूप मे जियो।

अभी शुरुआत करो, कोई बहाना नही।

मुक्त हो जायो। निडर होकर जियो। भार रहित अपनी यात्रा आरंभ करो!

शान्ति।
स्वामी

इस लेख का हिन्दी अनुवाद अज्ञात रूप मे एक भक्त ने किया है  अंग्रेजी में पढ़ने के लिये यहां जायें

माँ — आदि परा शक्ति

निरन्जनि नारायणि — पण्डित जसराज
प्रस्तुत है आपके लिये पराशक्ति, जगन्माता का एक बहुत सुन्दर फिल्मांकन ।

पण्डित जसराज, एक विश्व प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक, ने निरन्जनि नारायणि के नाम से मां की इस स्तुति को गाया है। इसमे शब्द कदाचित कम है परन्तु यह भाव मे परिपूर्ण है।

इस फिल्मांकन मे हमने जगदम्बा के अत्यन्त सुन्दर चित्र लगाये है।

यह स्तुति आप के भीतर मां के प्रति प्रेम और भाव को और प्रबल करेगी। यह अब तक का मेरा सबसे पंसदीदा फिल्मांकन है।

इसमे मां की स्तुति, गाने का ढंग तथा मां के विभिन्न स्वरूपों का दर्शन अतुलनीय है।

स्तुति सुनने के लिये आप यहां पर जांये

शान्ति ।
स्वामी

वार्तालाप से एकाग्रता की ओर


एक अच्छे ध्यान मे स्तिथ होने के लिये महान एकाग्रता की आवश्यकता है, और एक महान ध्यानी बनने के लिये सर्वोच्च एकाग्रता की आवश्यकता है। एकाग्रता, विशेष रूप से एक स्थिर एकाग्रता, अभ्यास के साथ आती है। आप जितना अधिक अभ्यास करेंगे, आपकी एकाग्रता उतनी अधिक निखरेगी।

श्री कृष्ण के समय मे अर्जुन एक महान धनुर्धर व योद्धा हुए। उनके छोटे भाई, भीम को अत्याधिक खाने का शौक था। एक बार अमावस्या की अन्धेरी रात में, घोर अन्धकार में भीम को भूख लगी। वह रसोई में घुस कर भोजन और अन्य चीजों को तलाश करके वही खाने बैठ गया। अन्धेरे मे भोजन को सुलभता से खाना भीम के लिये एक साधारण बात थी क्योंकि वे बाल्य अवस्था से ऐसा करते आ रहे थे। अन्धेरे मे छुप कर खाने का उनको अभ्यास हो चुका था। परन्तु आज अर्जुन जाग रहे थे और उन्होने भीम का पीछा किया। अपने भाई को अंधेरे में आसानी से खाते हुये देख वे चौंक गये।

उन्होने सोचा यदि भीम रसोईघर में भोजन के लिए अपना रास्ता खोज, रात्रि के घने अन्धकार मे ऐसे खा सकता है जैसे कि दिन का भरपूर उजाला हो तो मैं भी तीरंदाजी मे ऐसी दक्षता क्यों नहीं प्राप्त कर सकता?
अर्जुन ने एकाग्रता और दृढ़ता के साथ रात में अभ्यास शुरू कर दिया और आगे चल कर महाभारत के युद्ध मे इसी कला के आधार पर उन्होने जयद्रथ पर विजय हासिल की।

आप जितना अधिक एकाग्रता बनाने का अभ्यास करेंगे, ध्यान योग की गहराई को उतनी ही उत्तमता से जानेंगे। अधिकतर मनुष्य टीवी एकाग्रता से देखते हैं। कुछ शतरंज एकाग्रता से खेलते हैं। पुस्तक को पढ़ने के लिये भी एकाग्रता चाहिये। परन्तु टीवी की एकाग्रता एक बहुत बडा भ्रम है। वास्तव मे तो वह मनुष्य को और भी अस्थिर कर देता है। समाधि के लिये जो एकाग्रता चाहिये वो भिन्न प्रकार की है। इसी एकाग्रता पर हम चर्चा करेंगे। सुई मे धागा पिरोने के लिये जिस एकाग्रता की आवश्यकता है, समाधि मे जाने के लिये भी ठीक उसी प्रकार की एकाग्रता चाहिये। अन्तर है तो केवल अवधि का, सुई मे धागे के लिये कुछ पल चाहिये और समाधि के लिये उससे कहीं अधिक समय। इस तरह की एकाग्रता तथा स्थिरता गहन ध्यान और अत्यधिक सावधानी से ही आती है।

श्री कृष्ण अर्जुन से कहते हैं:
तत्र एकाग्रं मन कृत्वा यतचित्तेन्द्रिय क्रिय।
उपविश्यासने युञ्ज्याद्योगमात्मविशुद्धये। (भगवद् गीता, 6.12)

अर्थात योगीजन निपुणता एवं दृढ़ता से एक ही मुद्रा में बैठ, अपनी इंद्रियों और मन को सर्वोच्च एकाग्रता के साथ, स्वयं को योग में अभ्यसत करते है।

यहाँ मुझे अर्जुन की एक प्रसिद्ध कहानी याद आती है।

अर्जुन एक राज परिवार से था। वह अपने सगे तथा चचेरे भाइयों के साथ गुरु द्रोणाचार्य का शिष्य था। गुरु द्रोण ने बहुत वर्षो तक शिक्षा देने के बाद एक दिन सबकी परीक्षा लेने का फैसला किया। उन्होने दूर एक पेड़ की एक शाखा पर एक लकड़ी के पक्षी को टाँग दिया। उन्होने अपने सभी छात्रों को बुलाया और एक पंक्ति में खड़ा होने के लिए कहा। उनका लक्ष्य था चिड़िया की आंख को अपने तीर से भेदना।

उन्होने एक शिष्य को बुलाया और उसको निशाना साधने के लिये कहा। इससे पहले कि वो निशाना लगाये, गुरु द्रोण ने उससे पूछा "तुम क्या देख रहे हो ?"

"मैं पेड़ को देख रहा हूं।" शिष्य ने कहा।

द्रोण ने उससे तीर चलवाने की बजाय उसे एक तरफ खड़ा होने को बोला।

उन्होने वही प्रशन प्रत्येक शिष्य को दोहराया। सबने अलग अलग जवाब दिया। कुछ ने कहा कि वे पत्ते को , कईयो ने कहा की वे पक्षियों को और कुछ ने कहा कि वे पेड़ों को देख रहे है। हर बार गुरु द्रोण ने उन्हे एक तरफ खड़ा होने के लिये कहा।

जब अर्जुन की बारी आई और वही प्रश्न उससे किया गया तो  उसने कहा, "मैं केवल चिड़िया की आंख देख रहा हूँ।"

द्रोण ने उसे तुरन्त तीर चलाने के लिये कहा और अर्जुन ने एक ही निशाने मे चिड़िया की आंख को भेद दिया।
यह एक साधारण कहानी है किन्तु सभी अच्छी चीजों की गहराई भी सादगी में ही होती है। एकाग्रता भी एक ऐसी ही प्रकिर्या है जो कि विचारों के जटिल जाल को सरलता से विलीन कर देती है।

यदि आप ध्यान योग के माध्यम से आंतरिक आनंद का अनुभव करना चाहते हैं, तो आप को एकाग्रता के साथ बैठना सीखना होगा। इसमे पसंद नापसंद का प्रश्न नहीं है। यदि समाधि का सुख चाहते हो तो मन को दृढ कर एकाग्रता का निर्माण करना होगा। दृढता से अभ्यास करने के लिये संकल्प शक्ति तथा धैर्य की आवश्यकता होती है। जो एकाग्रता मे स्तिथ होना सीख लेता है, उसके लिये कुछ भी दुर्लभ नहीं रहता। वो अपनी इच्छा मात्र से सब कुछ प्राप्त कर लेता है।

एकाग्रता से आपके विचारों को एक नयी शक्ति तथा चेतना को एक नयी दिशा मिलति है। झरने मे चलती हुई पानी की बूंदे एकाग्रता के कारण ही पत्थर की चट्टानो को बनाती और तोड़ती है। वही बूंदे जब  बिखरी हुई बारिश के रूप मे बरसती है तो उस सक्षमता को खो बैठती हैं।

अधिक बोलने से एकाग्रता क्षीण होती है। मौन मुख से मन को मौन करना भी कदाचित सुगम हो जाता है

शांति।
स्वामी

इस लेख का हिन्दी अनुवाद अज्ञात रूप मे एक भक्त ने किया है  अंग्रेजी में पढ़ने के लिये यहां जायें



विश्वासपात्र की मौन स्वीकृति



आश्रम मे पहले दिन से ही नियमित रूप से आगंतुक आते रहे हैं। इस क्षेत्र से दो आगंतुक प्रतिदिन आते हैं, उनमें से एक गौर तथा दूसरी श्याम वर्ण की है। उन दोनों की प्रकृति भिन्न है परन्तु दोनोंलगभग एक ही समय आती हैं। गौर वर्ण वाली मेरे पास बैठना पसंद करती है पर श्याम वर्णवाली दूरी बनाए रखना पसंद करती है। ऐसा नहीं लगता है की वो कोई ज्ञान  अथवा उपदेश पाने के लिए आती  हैं वास्तव में उनके पास कोई प्रश्न नहीं है, वो केवल अपना स्नेह प्रदर्शित करती हैं। श्याम वर्णवाली के तीखे नाक-नक्श हैं पर वो गौर वर्णवाली के समान भावुक नहीं है जबकि गौर वर्णवाली की आँखें कोमल तथा मुखड़ा रुचिकर है। दो पैरोंवाले स्थानीय निवासियों की तरह, गौर वर्णवाली ने लगता है पिछली दीवाली के बाद से स्नान नहीं किया है। ज्यों ही मैं उसके समीप जाता हूँ वो धरती पर लोटने लगती है। श्याम वर्णवाली सहज रूप में दूर से ही पूंछ हिलाती रहती है। पशु-मानव संबंध बताने के लिए मैं हम सभी को मनुष्य श्रेणी में रख रहा हूँ किन्तु थोड़ा सशंकित सा...

हम लोग प्रतिदिन दो समय भोजन पकाते हैं और इस बात का सदैव ध्यान रखते हैं कि दो अतिरिक्त रोटियाँ हमारे मित्रों के लिए भी बने। उनके स्नेह के कारण वे कुछ अतिरिक्त निवाले भी पा जाते हैं।जब मैं भोजन कर रहा होता हूँ, वे आते हैं और मेरे बगल में बैठकर अपने भावपूर्ण नयनों से अपलक मुझे निहारते हुए भोजन की आवश्यकता व्यक्त करते हैं। उनके भावों की अभिव्यक्ति और पाने की दृढ़ता हमें बाध्य करती है।

एक दिन की बात है जब उनकी स्नेहपूर्ण दृष्टि मेरे भोजन में से हिस्सा पाने के लिए आग्रह कर रहीं थीं कि अचानक उन्होंने भौंकना शुरू कर दिया। जब मैं उनके अप्रत्याशित जोर से भौंकने से जड़वत बैठा रहा, वे बिजली कि गति से आश्रम के दूसरे छोर की ओर गए। मैं अचंभित हुआ और सोचा शायद किसी अन्य कुत्ते के इनके क्षेत्र में आगमन ने इन्हें उकसाया होगा । क्योंकि मैने एक बार इनको पहले भी आश्रम मे निर्दयता से दूसरे कुत्तों के साथ लड़ते हुए देखा था। करोड़ों वर्ष के क्रमिक मानसिक विकास के प्रतिफल से हमारे मन की प्रकृति ऐसी हो गयी है। हम अपने अतीत के अनुभव प्रदत्त ज्ञान पर निर्भर करते हैं वर्त्तमान को जानने के लिए, उसका अर्थ निकालने के लिए। इस प्रवृति से ऊपर उठना ही आत्मबोध या आत्मसाक्षात्कार है। सदैव वर्त्तमान में जीना और अपने समक्ष आते हुए क्षणों से अवगत रहना ही अत्यधिक सचेत मन की प्रमाणिकता है।

पुनश्च वर्त्तमान कहानी पर वापस आते हैं, किसी अन्य कुत्ते का कोई निशान नहीं था, बल्कि वो आश्रम मे आये कुछ दर्शनार्थियों पर भौंक रहे थे। अपरिचितों की गंध से वो आश्वस्त हो गए कि कोई क्षति-हानि नहीं है अतः परिणामस्वरूप वो पीछे हट गए। वो अपरिचित गाँव की तीन महिलायें थीं जो दर्शनार्थ आयी थीं। स्थानीय लोग आश्रम ऐसे आते हैं जैसे मंदिर दर्शन के लिए आये हों। उनके पास ईश्वर या दिव्यता से सम्बंधित कोई प्रश्न नहीं होते। कभी कभी उनके मवेशी और बच्चों की कुशलता, वर्षा और जादू-टोने से सम्बंधित प्रश्न होते हैं, बस इतना ही।

शिक्षा किसी प्रकार से भक्ति हर लेती है। शिक्षित कुछ करने के पहले जानना चाहता है। उसको लगता है कि उसका विश्वास किसी ठोस बौद्धिक आधार पर टिका होना चाहिए। तुलनात्मक रूप से ग्रामीण सरल होते हैं। वो विश्वास करके खुश होते हैं चाहे वह अंधविश्वास ही क्यों न हो। किसी दूसरे के अनुभव को मानकर और विश्वास करके शिक्षित लोग अपने आप को ज्ञानी समझ बैठते हैं। ग्रामीणों के विश्वास का कोई आधार नहीं है। यह सभी संज्ञानात्मकता से खाली है। एक में, विश्वास्कर्ता अंधा है और दूसरे में विश्वास ही अंधा है। अब आप ही निर्णय कीजिये कि दोनों में से कौन अच्छा है।  भक्त को तर्कसंगत होने की आवश्यकता नहीं है। भक्ति बनी ही है धारणा और प्रवृति के धागों को काटने के लिए और इसके लिए हमें बुद्धि से ऊपर उठना होगा। ऐसी भावातीत स्थिति विश्वास्कर्ता और विश्वास को एकाकार करती है। जिस क्षण आप एक होते हैं उसके दूसरे क्षण में आपको आपके इष्ट की प्रतिमूर्ति दिखाई देगी जो कि न केवल एक प्रकाश पुंज या विभिन्न रंगों की आकृति होगी बल्कि एक साक्षात आकृति जिसे आप स्पर्श कर सकते हैं।

एक बार फिर से कुत्तों की बात करते हैं, उनकी स्वामिभक्ति मुझे छू गयी। क्योंकि हम उन्हें खिलाते रहे हैं, वे आश्रम की रखवाली करने लगे। वे हमारी रक्षा करना चाहते हैं। यह विश्वासपात्र की मूक सहमति है। उन्हें भोजन मिलता है, वो पहरा देते हैं। उन्हें प्यार मिलता है, वो वापस प्यार देते हैं। उन्हें प्यार नहीं मिलता है, फिर भी वो प्यार देते हैं। आपके मन की अवस्था कैसी भी हो, वे पूंछ हिलाते हैं। उनके मन की अवस्था कैसी भी हो, वे फिर भी पूंछ हिलाते हैं। जब आपकी खेलने की इच्छा होती है, वे आपके साथ खेलना चाहते हैं। आप उन्हें घी के साथ चपाती दें, वे सहर्ष स्वीकार करते हैं। आप उन्हें बिना घी के देते हैं, वे फिर भी प्रसन्न रहते हैं। वो केवल भेद करते हैं अपने पोषण करनेवाले और अपरिचित में, मित्र और शत्रु में। ये विश्वापात्र की मूक सहमति है।

ऐसा प्रतीत होता है कि उनका आचरण किसी सिद्ध पुरुष से कम नहीं है। वो वर्त्तमान में जीते हैं। तो क्या इसमें कोई आश्चर्य है के, अंग्रेजी मे कुत्ता भगवान् का विपर्यय शब्द है। आखिरकार वही भगवान् सभी प्राणियों में रहता है। और भगवान मे कौन रहता है? क्या बूंद को सागर कि आवश्यकता है या सागर को बूंद की? बूंदें सागर का आधार हैं क्योंकि सागर बूंदों से बना है या बूंदों को सागर चाहिये अपने अस्तित्व को खोकर बचाने के लिये? किसी भी प्रकार से, दोनों पूर्ण हैं अपने आप में। ईशावास्य उपनिषद् का आवाहन मंत्र है:

ओऽम् पूर्णमदः पूर्णमिदं पूर्णात्पुर्णमुदच्यते ।
पूर्णस्य पूर्णमादाय पूर्णमेवावशिष्यते ।।

अर्थात: वो भी पूर्ण है। यह भी पूर्ण है। पूर्ण से पूर्ण निकला है। पूर्ण में से पूर्ण को निकालने के बाद शेष भी पूर्ण है।

शान्ति।
स्वामी

हिन्दी अनुवाद: श्रीमति लता पाण्डेय तथा श्री नवीन पाण्डेय।  अंग्रेजी में पढ़ने के लिये यहां जायें



Share